क्योलारी में हुआ संकुल स्तरीय शिक्षा चौपाल व स्कूल चलो अभियान का आयोजन
Share this page:
प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली
सह संपादक कपिल गुप्ता
*कोंच।* नदीगांव खंड शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय क्योलारी में शनिवार को संकुल स्तरीय शिक्षा चौपाल, स्कूल चलो अभियान तथा वार्षिक परीक्षाफल व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीएसए चंद्रप्रकाश व खंड शिक्षा अधिकारी नदीगांव शैलेंद्र कुमार उत्तम मौजूद रहे। शिक्षण सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। ग्रामीण अभिभावकों को संबोधित करते हुए बीएसए ने कहा, शिक्षक समाज का निर्माता होता है, जो बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी देता है। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों का समय से विद्यालय में नामांकन कराना शिक्षक और अभिभावकों की संयुक्त जिम्मेदारी है, जिससे उन्हें शिक्षा के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के संरक्षक महेंद्र सिंह भाटिया ने कहा कि संघ हमेशा शिक्षकों के हित में संघर्ष करता है और टीईटी अनिवार्यता के मुद्दे पर आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार है। जिला मंत्री नरेश निरंजन ने कहा कि शिक्षक शैक्षिक कार्यों के साथ-साथ सरकारी दायित्वों का भी निर्वहन करता है, ऐसे में किसी भी समस्या पर संघ उसके साथ खड़ा रहता है। संचालन कृष्णकांत वाजपेयी ने किया। इस दौरान प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह, उपवन कुमार सिंह, शिवेंद्र निरंजन, त्रिभुवन नारायण द्विवेदी, गौरव शुक्ला, हरिमोहन, स्पेशल एजुकेटर नीरज पांचाल, दीपेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।