श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, चालीस से अधिक कंपनियों ने लिया भाग
Share this page:
प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ: आईटीसी के मिशन सुनहरा कल कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय परिसर में वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले का आयोजन आईटीसी एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा।
रोजगार मेले में 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनके माध्यम से लगभग 2000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है। विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया और उनकी योग्यता के अनुसार चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक इस रोजगार मेले में सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आईटीसी एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निजी संस्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से ही रोजगार सृजन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम में अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें उपाध्यक्ष ललित कला अकादमी श्री गिरीश चंद्र मिश्रा जी, उपनेता पार्षद दल श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’ जी, केकेसी महाविद्यालय के प्राचार्य श्री के.के. शुक्ला जी, आईटीसी के रीजनल मैनेजर श्री रवि बंसल जी, सहायक निदेशक श्री सूर्यकांत कुमार जी, प्रथम संस्था के नॉर्थ इंडिया हेड श्री अजीत बहादुर सोलंकी जी तथा जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सुचारु संचालन एवं व्यवस्थाओं में एनसीसी कैडेट्स का विशेष योगदान रहा, जिसकी सभी अतिथियों द्वारा सराहना की गई।
अंत में आयोजकों द्वारा इस सफल एवं प्रेरणादायक आयोजन के लिए सेवायोजन कार्यालय, आईटीसी तथा केकेसी महाविद्यालय के सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दी गईं।