सी.आर. हाई स्कूल, शोदापुर में महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती धूमधाम से मनाई गई
Share this page:
प्रदेश जनहित खबर पोर्टल यूट्यूब चैनल लखनऊ रायबरेली
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
शोदापुर। सी.आर. हाई स्कूल, शोदापुर में आज महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। स्कूल के प्रधानाचार्य श्री बी. सी. सैनी ने अपने संबोधन में महात्मा ज्योतिबा फुले के जीवन और उनके महान कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने 19वीं शताब्दी में सती प्रथा, बाल विवाह, छुआछूत, दलितों एवं महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने समाज में समानता और शिक्षा के महत्व को स्थापित करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि महात्मा फुले ने देश का पहला बालिका विद्यालय खोलकर शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाया, जिससे महिलाओं को शिक्षा का अधिकार मिला और समाज में जागरूकता का प्रसार हुआ। उनका जीवन आज भी हमें सामाजिक न्याय और समानता के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को महात्मा फुले के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। शिक्षकों ने उनके योगदानों को विस्तार से बताते हुए विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन किया।
विद्यार्थियों ने भी इस अवसर पर भाषण, कविताएं और विचार प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। बच्चों ने महात्मा फुले के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया, जिसे सभी ने सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय के संचालक मदन लाल सैनी एवं अमन सैनी सहित शिक्षिकाएं रजनी, पूनम, सीमा, नसिमा, ऊषा, पूजा, प्रवीण तथा अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों पर चलने और समाज में समानता, शिक्षा एवं जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।