स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
Share this page:
यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
- सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय और कूड़ा प्रबंधन को सुधारने के लिए समयबद्ध कार्य योजना लागू
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की। इस बैठक में अपर नगर आयुक्त श्री ललित कुमार, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुण कुमार गुप्त एवं डॉ. अरविंद कुमार राव, उप नगर आयुक्त श्रीमती रश्मि भारती सहित नगर निगम के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
*सफाई व्यवस्था और शिकायत निस्तारण पर विशेष जोर*
नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों और जोनल सेनेटरी ऑफिसरों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नागरिकों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का “सेम डे” निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कमर्शियल क्षेत्रों में जेब्रा क्रॉसिंग बनाए जाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
*सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल सुधारने के निर्देश*
बैठक में शहर के सार्वजनिक शौचालयों और यूरिनल की स्थिति सुधारने पर विशेष ध्यान दिया गया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पहले चरण में 86 सार्वजनिक शौचालयों का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पब्लिक टॉयलेट की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, तो संबंधित जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर और अधिशासी अभियंता के वेतन रोके जाएंगे। साथ ही यूरिनल की स्थिति सुधारने के लिए एक सप्ताह की समयसीमा तय की गई।
*अवैध होर्डिंग और बैनर हटाने के लिए अभियान*
शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध होर्डिंग, पोस्टर और बैनरों को हटाने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा, ताकि शहर की सुंदरता बनी रहे।
*कूड़ा प्रबंधन और नालों की सफाई पर सख्ती*
नगर आयुक्त ने कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निर्देश दिया कि सुबह 6 बजे से ही फील्ड में गाड़ियां उतारी जाएं, जिससे समय पर कूड़ा उठान सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा चीफ इंजीनियर सिविल और चीफ इंजीनियर आरआर को नालों की नियमित सफाई के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से निपटा जा सके।
*जनजागरूकता अभियान को बढ़ावा देने के निर्देश*
बैठक में आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) गतिविधियों को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं, जिससे आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन के लिए टीम भावना से कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।